First Bihar Jharkhand

पूर्व MLA संजीव सिंह के समर्थकों में भारी नाराजगी, सरकार पर इलाज में कोताही बरतने का लगाया आरोप

DHANBAD: झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे हैं। सीने में दर्द की शिकायत के बाद बीते 10 अप्रैल को पूर्व विधायक को संजीव सिंह को धनबाद जेल प्रशासन द्वारा इलाज के लिए SNMCH अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहा उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सीसीयू में भर्ती कराया गया। पूर्व विधायक के समर्थकों ने आरोप लगाया है कि सरकार संजीव सिंह के इलाज में कोताही बरत रही है।

दरअसल, शुक्रवार को संजीव सिंह की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य रागिनी सिंह एसएनएमसीएच अस्पताल पहुंचीं और पूर्व विधायक का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक संजीव सिंह के स्वास्थ्य में किसी तरह का सुधार नहीं हो रहा है। उनके बाएं शरीर की तरफ कोई हलचल नहीं दिख रही है। यहां के डॉक्टर किस तरह का इलाज कर रहे है इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वे यहां के इलाज से बिलकुल संतुष्ट नहीं हैं।

वहीं पूर्व विधायक संजीव सिंह की तबीयत ठीक नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद उनके समर्थकों का जमावड़ा जेल में लगने लगा है। समर्थकों ने पूर्व विधायक संजीव सिंह के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को उपलब्ध नहीं कराने और सुरक्षाकर्मियों द्वारा उनसे नहीं मिलने देने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सत्ता पक्ष के प्रभाव के कारण पूर्व विधायक का इलाज ठीक ढंग से नहीं किया जा रहा है। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में संजीव सिंह के समर्थक मौजूद रहे।