Mahakumbh 2025: महाकुंभ में हर दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोगों की बेतहाशा भीड़ के कारण पूरा शहर जाम हो गया है। शहर के चारों ओर 30 किलोमीटर तक लंबा जाम लगा हुआ है। 20 मिनट का रास्ता तय करने के लिए लोगों को 2 से 3 घंटे का समय लग रहा है। महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी ज्यादा है कि स्टेशनों पर पैर रखने की जगह तक नहीं है। भीड़ को देखते हुए संगम (दारागंज) स्टेशन को बंद कर दिया गया है।
वहीं आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महाकुंभ पहुंच कर संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगी। द्रौपदी मुर्मू 8 घंटे से अधिक समय तक प्रयागराज में रहेंगी और इस दौरान संगम स्नान के साथ ही अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। इस दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति मुर्मू सुबह संगम नोज पर मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में आस्था की डुबकी लगाकर सनातन आस्था को मजबूत आधार देंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
देश की प्रथम नागरिक का संगम में पावन डुबकी लगाने का यह ऐतिहासिक क्षण होगा। आपको बता दें कि इससे पहले भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुंभ में पावन स्नान किया था।