First Bihar Jharkhand

कल चेन्नई से रांची लाया जाएगा दिवंगत जगरनाथ महतो का पार्थिव शरीर, दामोदर घाट पर होगी अंत्येष्टि

RANCHI: झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का गुरुवार की सुबह निधन हो गया। सरकार ने जगरनाथ महतो के निधन पर दो दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया है। बताया जा रहा है कि दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो का पार्थिव शरीर कर सुबह चेन्नई से रांची पहुंचेगा और कल ही दामोदर घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि होगी।

दरअसल, झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। पिछले कुछ महीनों से उनकी तबियत खराब चल रही थी। रांची के पारस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां से उन्हें हाल ही में रांची से एरलिफ्ट कर चेन्नई ले जाया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। गुरुवार की सुबह इलाज के दौरान शिक्षा मंत्री का निधन हो गया। मंत्री के निधन के बाद राज्य सरकार ने दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री और राज्यपाल समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।

दिवंगत जगरनाथ महतो के बेटे अखिलेश महतो ने बताया है कि कल सुबह सात बजे दिवंगत मंत्री का पार्थिव शरीर चेन्नई से रांची लाया जाएगा। पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए विधानसभा परिसर में रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर एक बजे उनके पैतृक गांव अलारगो से भंडारीदह स्थित दामोदर घाट तक अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। दामोदर घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो की अंत्येष्टि होगी।