Jharkhand News: रांची में आज झारखंड आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका यूनियन (सीटू) की राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन सीटू कार्यालय में किया गया। बैठक का मुख्य विषय 20 मई को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल रहा, जिसमें राज्य की 80 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने भाग लेने का निर्णय लिया है।
बैठक के दौरान यूनियन के नेताओं ने केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों और नए श्रम कानूनों के खिलाफ अपनी आवाज उठाई। यूनियन का कहना है कि इन नीतियों से मजदूरों का शोषण हो रहा है और उनकी सामाजिक सुरक्षा खतरे में है। ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स की राष्ट्रीय अध्यक्ष उषा रानी ने बजट में समेकित बाल विकास परियोजना (ICDS) की राशि में कटौती पर चिंता जताई और इसे सरकार की उदासीनता बताया।और सरकार के खिलाफ आंदोलन करने कि चेतावनी दी |
राज्य यूनियन के पदाधिकारियों ने झारखंड सरकार से आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की भी मांग की। बैठक को यूनियन की राज्य अध्यक्ष मीरा देवी, मीनू, प्रीति, लखन मंडल, सीटू राज्य सचिव विश्वजीत देब और कोषाध्यक्ष अनिर्वान बोस ने संबोधित किया। सभी नेताओं ने एक सुर में कहा कि यह हड़ताल गरीब वर्गों की आवाज को बुलंद करने का अवसर है, जिसमें राज्य भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग लेंगी,और अपनी आवाज बुलंद करेंगीं |