Saharanpur News: क्या आपने कभी किसी को खुद की शादी में पंडित बनते देखा है...शायद नहीं देखा होगा। लेकिन यूपी के सहारनपुर में एक ऐसी ही अनोखी शादी देखने को मिली है। जहां दूल्हा अपनी शादी में खुद पुरोहित की भी भूमिका निभाते नजर आया। दूल्हे ने खुद पूरे विधि-विधान के साथ अपनी ही शादी में मंत्र पढ़े और शादी संपन्न कराई।
सहारनपुर के रामपुर मनिहारान इलाके के कायस्थान मोहल्ले में रहने वाले विवेक कुमार आजकल सोशल मीडिया पर फेमस हो रहे हैं। दरअसल विवेक की शादी उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कुजा बहादुरपुर गांव में हुई है। वरमाला के बाद विवेक ने लड़की पक्ष से कहा कि वो विवाह की सारी रस्मों में मंत्रोच्चार खुद ही करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें पंडित की जरूरत नहीं है। विवेक की बात सुनकर पहले तो लड़की वालों के साथ-साथ सभी मेहमान और रिश्तेदार भी चौंक गए, लेकिन दूल्हे विवेक की जिद के बाद ऐसा ही हुआ। दूल्हा बने विवेक ने अपनी शादी में खुद ही पंडित बनकर मंत्रोच्चारण किया और शादी के सभी संस्कार खुद पूरे करते हुए शादी संपन्न कराई।
वैदिक मंत्रों की ली है शिक्षा
इस अनोखी शादी में जो भी शामिल हुआ वो हैरानी ने दूल्हे को निहारता रहा। आसपास के इलाके में यह शादी चर्चा का विषय बन गई है। दरअसल विवेक ने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय से बी फार्मा की पढ़ाई की है और वो सनातन धर्म में विशेष रुचि रखते हैं। उन्होंने बताया कि वे धार्मिक कर्मकांडों में गहरी आस्था रखते हैं और उन्होंने वैदिक मंत्रों की भी शिक्षा ली हुई है।