First Bihar Jharkhand

कर्नाटक में पूर्व DGP की हत्या, पत्नी पर लगा संगीन आरोप, बिहार के रहने वाले थे ओम प्रकाश

Karnatakaबेंगलुरु से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) ओम प्रकाश की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई है। ओम प्रकाश बिहार के चंपारण जिले के रहने वाले थे। यह मामला अब हत्या की दिशा में बढ़ गया है। शुरुआती जांच में उनकी पत्नी पल्लवी पर ही हत्या का संगीन आरोप लगा है। पुलिस ने पल्लवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं ओम प्रकाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

क्या है पूरा मामला?

रविवार को बेंगलुरु स्थित ओम प्रकाश के आवास पर उनकी मृत अवस्था में बॉडी बरामद की गई। शव की स्थिति और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, संदेह की सुई सीधे उनकी पत्नी पल्लवी की ओर घूम गई। स्थानीय पुलिस ने तुरंत पल्लवी को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू की।

रिश्तों में दरार और तनाव

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ओम प्रकाश और पल्लवी के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था। पारिवारिक सूत्रों की मानें तो दोनों के बीच आर्थिक मामलों को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। दंपती का एक बेटा और एक बेटी भी है, लेकिन पारिवारिक विवाद समय के साथ बढ़ता गया।

कौन थे ओम प्रकाश?

ओम प्रकाश, 1981 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी थे। वो मूल रूप से बिहार के चंपारण जिले के रहने वाले थे। उन्होंने कर्नाटक पुलिस में विभिन्न अहम पदों पर कार्य किया।28 फरवरी 2015 को वे कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (DGP) और पुलिस महानिरीक्षक (IGP) बने। जनवरी 2017 में वे सेवानिवृत्त हुए।

जांच जारी, कई पहलुओं पर नजर

बेंगलुरु पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। उनकी पत्नी पर पति की हत्या किये जाने का शक है। इसलिए उनकी पत्नी पल्लवी से गहन पूछताछ की जा रही है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत का कारण क्या था?