Bihar News : बिहार के सिवान से एक कमाल की प्रेम कहानी सामने आ रही है। जहाँ जेल में बंद एक युवक ने कोर्ट परिसर में शादी रचाई है। युवक की पहचान गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के दुधवा निवासी हरेराम सिंह के रूप में हुई है। जबकि युवक की प्रेमिका भी इसी थाने क्षेत्र से आती है।
बताते चलें कि हरेराम सिंह और उसकी प्रेमिका एक दूसरे से प्रेम करते थे। जब दोनों ने एक साथ रहने का फैसला लिया तो युवती के परिजन भड़क गए और हरेराम सिंह पर जबरन लड़की को भगा ले जाने का मामला थाने में दर्ज करा दिया गया। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्यवाई करते हुए दोनों को बरामद किया और युवक को FIR के तहत जेल भेज दिया।
कोर्ट परिसर में हुई अनोखी शादी
मामला न्यायालय में पहुंचा और सोमवार को इस पर सुनवाई हुई। प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी कमलेश कुमार सिंह ने दोनों पक्षों के वकीलों की दलीलें सुनी। चूंकि लड़का और लड़की शादी को सहमत थे, इसलिए दंडाधिकारी ने उनकी रजामंदी से शादी कराने का फैसला सुनाया। इस आदेश के बाद कैदी हरेराम सिंह को मंदिर में लाया गया। जहाँ उसकी प्रेमिका पहले से पहुंची हुई थी।
साक्षी के रूप में पुलिस और अधिवक्ता रहे मौजूद
इस बात को घंटेभर भी नहीं बीते थे और दोनों की शादी हिन्दू रीति रिवाजों के साथ संपन्न करा दी गई। जिसके बाद न्यायलय को भी इस बारे में सूचित कर दिया गया। शादी के वक़्त वहां दोनों के परिजनों के अलावा पुलिस और अधिवक्ता भी साक्षी के रूप में मौजूद रहे। इस रोचक प्रेमकहानी के बारे में सुनकर वहां कई लोग पहुँच गए थे। जिसके बाद पूरे दिन शहर भर में यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।