First Bihar Jharkhand

Aditya Roy Kapur: जबरन आदित्य रॉय कपूर के घर घुसने की कोशिश पड़ी भारी, महिला पर FIR दर्ज

Aditya Roy Kapur: मुंबई के बांद्रा में अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के घर एक हैरान करने वाली घटना हुई है। सोमवार को एक 47 साल की महिला, जो खुद को दुबई की निवासी बता रही थी, उसने एक्टर के घर में जबरन घुसने की कोशिश की है। हालांकि, आदित्य रॉय कपूर उस दिन अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग के लिए घर से बाहर थे।

उनके बांद्रा पश्चिम स्थित आलीशान अपार्टमेंट में उनकी घरेलू सहायिका संगीता पवार अकेली थीं। शाम करीब 6 बजे दरवाजे की घंटी बजी। संगीता ने दरवाजा खोला तो सामने एक महिला खड़ी थी, जिसने पूछा, "क्या यह आदित्य रॉय कपूर का घर है?" जवाब में हाँ सुनते ही महिला ने कहा कि वह आदित्य के लिए कपड़े और कुछ खास उपहार लाई है।

संगीता को बात पहले तो कुछ अजीब लगी, क्योंकि आदित्य ने किसी भी मेहमान के आने की सूचना नहीं दी थी। फिर भी, संगीता ने विनम्रता से महिला को बाहर इंतज़ार करने को कहा। लेकिन महिला ने ज़िद पकड़ ली और घर के अंदर आने की कोशिश करने लगी। जिसके बाद संगीता ने तुरंत सोसाइटी मैनेजर जयश्री डुंकडु को बुलाया, जिन्होंने आदित्य की मैनेजर श्रुति राव को सूचित किया और मामला गंभीर होने पर खार पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान गजाला झकारिया सिद्दिकी के रूप में बताई। वह 47 साल की है और दुबई में रहती है। लेकिन जब उससे घर में घुसने का मकसद पूछा गया, तो वह कोई ठोस जवाब नहीं दे सकी। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 351(4) के तहत FIR दर्ज कर ली है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि महिला का इरादा कुछ गलत भी हो सकता था। अभी मामले की तहकीकात जारी है।

बॉलीवुड में यह कोई पहली घटना नहीं है। हाल के महीनों में सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में भी कुछ अज्ञात लोगों ने घुसने की कोशिश की थी। इसके अलावा, सैफ अली खान के साथ भी एक संदिग्ध घटना की खबरें सामने आई थीं। इस बात में कोई शक नहीं कि इन घटनाओं ने बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर उनके चाहने वालों की चिंता बढ़ा दी है।